रायपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रायपुर के भगवान जगन्नाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना करके अपनी छत्तीसगढ़ की 2 दिवसीय यात्रा शुरू की। सरकारी अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू सुबह 11 बजे एक विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पहुंची, जहां राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, रायपुर के मेयर ऐजाज ढेबर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति को एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया और फिर वह गायत्री नगर इलाके में भगवान जगन्नाथ मंदिर गई। एक सरकारी अधिकारी ने कहा, "राष्ट्रपति ने मंदिर में भगवान बलभद्र जी और सुभद्रा जी की पूजा-अर्चना की और सभी की भलाई, समृद्धि और देश के लोगों की प्रगति के लिए प्रार्थना की।" उन्होंने कहा उनके साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू और मंदिर के अधिकारी भी थे।
अन्य कार्यक्रम इस प्रकार :
मंदिर से राष्ट्रपति, रायपुर में प्रजापिता ब्रह्मा कुमारिस केंद्र के लिए रवाना हुई, जहां उन्हें 'सकारात्मक परिवर्तन का वर्ष' कार्यक्रम का उद्घाटन करना था। उसके बाद वह दोपहर में गुरु घासीदास संग्रहालय का दौरा करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति राज भवन में रात को विश्राम करेंगी और शुक्रवार को वह बिलासपुर जिले के रतनपुर कस्बे में महामाया मंदिर जाएंगी। बाद में वह बिलासपुर में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। बिलासपुर से लौटने के बाद, वह रायपुर के राज भवन में विशेष रूप से कमज़ोर आदिवासी समूहों (PVTG) से संबंधित प्रतिनिधियों से मुलाक़ात करेंगी।