नई दिल्ली।
ओला, उबर और इन ड्राइव जैसी निजी कैब सेवाओं के बीच अब एक स्वदेशी और को-ऑपरेटिव विकल्प ‘भारत टैक्सी’ (Bharat Taxi) ने आधिकारिक तौर पर एंट्री कर ली है। दिल्ली में विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ‘भारत टैक्सी’ ऐप का शुभारंभ किया। यह सेवा लंबे समय से दिल्ली में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर चल रही थी, जिसे अब आम जनता के लिए पूरी तरह खोल दिया गया है। लॉन्च के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने ऐप डाउनलोड किया, हालांकि शुरुआती घंटों में कुछ लोगों को ऐप एक्सेस और बुकिंग में तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सरकार और प्लेटफॉर्म से जुड़े अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सिस्टम को और सुचारू बनाया जाएगा।
ड्राइवर नहीं ‘सारथी’, बिना कमीशन मिलेगा पूरा किराया
‘भारत टैक्सी’ की सबसे खास बात इसका ड्राइवर ओनरशिप मॉडल है। इस प्लेटफॉर्म से जुड़ने वाले ड्राइवरों को अब ‘ड्राइवर’ नहीं बल्कि ‘सारथी’ कहा जाएगा। सरकार के अनुसार, इस ऐप पर काम करने वाले सारथी ही इसके वास्तविक मालिक होंगे। ओला और उबर की तरह यहां कोई कमीशन नहीं काटा जाएगा, बल्कि हर राइड का पूरा किराया सीधे सारथी के बैंक खाते में जाएगा। यह सेवा किसी निजी कंपनी द्वारा नहीं, बल्कि को-ऑपरेटिव मॉडल पर शुरू की गई है। इसे सहकारिता मंत्रालय और नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन ने मिलकर विकसित किया है, जबकि इसका संचालन ‘सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड’ करेगा। पूरे सिस्टम की निगरानी के लिए एक विशेष काउंसिल भी गठित की गई है।
ऐप डाउनलोड से लेकर राइड बुकिंग तक आसान प्रक्रिया
‘भारत टैक्सी’ ऐप का इस्तेमाल ओला या उबर की तरह ही किया जा सकता है। एंड्रॉयड यूजर्स गूगल प्ले स्टोर से और आईफोन यूजर्स एप्पल ऐप स्टोर से ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी के अलावा गुजराती और मराठी भाषा में भी उपलब्ध है। ऐप डाउनलोड करने के बाद मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा और ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद राइड बुक की जा सकती है। राइड बुक करने के लिए ऐप ओपन कर पिकअप और ड्रॉप लोकेशन डालें, फिर बाइक, ऑटो या कार का विकल्प चुनें। किराया कंफर्म करते ही राइड बुक हो जाएगी और लाइव ट्रैकिंग शुरू हो जाएगी।
सर्ज प्राइसिंग से राहत, सुरक्षा फीचर्स पर खास जोर
‘भारत टैक्सी’ में यात्रियों को सर्ज प्राइसिंग से राहत मिलेगी। यानी पीक ऑवर्स, बारिश या भारी ट्रैफिक के दौरान किराया नहीं बढ़ेगा। दावा किया जा रहा है कि इसका किराया बाजार में मौजूद अन्य कैब सेवाओं की तुलना में कम होगा, जिससे आम यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐप में कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। सभी सारथियों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा। इसके अलावा लाइव लोकेशन शेयरिंग, इमरजेंसी एसओएस बटन और ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट जोड़ने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। ‘भारत टैक्सी’ को देश में सहकारिता आधारित डिजिटल सेवाओं की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।